पानी की निकासी संचारू से नही होने पर ग्रामीण विरोध- प्रदर्शन करते हुए
- फोटो : RSPURA
मीरां साहिब। क्षेत्र के गांव खोड़ ध्योनिया में पानी की निकासी न होने पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शनकारियोें ने कहा कि जल्द से जल्द उनकी इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल पंच गुरमीत सिंह, शेर सिंह तथा निर्मल कौर ने कहा कि गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए नाला न होने के कारण बारिश होने पर पानी लोगों के घरों में चला जाता है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा पानी सड़क तथा गलियों में जमा होने के कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आए दिन सड़क हादसे भी हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस समस्या को लेकर गांववासी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन इसके बावजूद इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने कहा कि अब गर्मी के दिनों में गंदा पानी जमा होने के कारण बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार जहां स्वच्छ भारत मिशन का नारा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ गांव में फैली गंदगी को देखकर लगता है कि यह नारे केवल कागजों तक ही सीमित रह गए हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द संबंधित विभाग द्वारा इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे, जिसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। गांव के लोगों ने बताया कि यह समस्या कई साल से है। पंचायती तथा डीडीसी चुनाव के दौरान भी उम्मीदवारों द्वारा वादा किया गया कि उनकी इस समस्या का समाधान किया जाएगा, लेकिन दुख की बात है कि उनके द्वारा भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।