युवक के शव को बीच सड़क रख किया प्रदर्शन
ज्यौड़ियां। खौड़ थाने के अधीन की पंचायत बकोर निवासी संदीप चिब पुत्र गंडा राम के परिजनों ने मंगलवार को उसका शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से मांग की गई कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए। उसकी हत्या की गई है और बाद शव दरिया में फेंका गया है। विदित हो कि संदीप 31 जनवरी से लापता था। सोमवार को उसका शवर दरिया चिनाब के किनारे से गांव हमीरपुर सिदड (पगांली) के पास से मिला था।
संदीप के परिजनों, रिशतेदारों तथा गांव के लोगों ने मंगलवार को शव को जम्मू-पलांवाला मुख्य मार्ग पर रख कर यातायात अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संदीप की हत्या की गई है। यह लोग इंसाफ की मांग कर रहे थे। शव को पहले ज्यौड़ियां मुख्य चौक पर रखा गया, लेकिन यहां यातायात सही तरीके से अवरुद्ध नहीं होने पर शव को चक मलाल चौक पर लाया गया। तीन से चार घंटे मार्ग जाम रहने पर एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर, एसएचओ अखनूर रवि परिहार तथा थाना प्रभारी बलविंदर सिंह भाऊ ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक इंतजार करें। उसमें मौत का पता चल जाएगा कि किन कारणों से उसकी मौत हुई है। एसडीएम ने 15 दिन का समय मांग कर लोगों से यातायात बहाल करने की अपील की। इस पर लोग राजी हो गए और यातायात बहाल कर दिया।
संदीप की मां राज चिब अपने बेटे के अपहरण होने को लेकर कह रही थी। मां के अनुसार उनके बेटे को 31 जनवरी को घर में शाम आठ बजे के करीब कोई फोन आया। वह बात करते हुए घर से निकला और वह उसी दिन से वापस नहीं आया।