आरएस पुरा। राजस्व विभाग में राजस्व कांपलेक्स का कार्य अधूरा पड़ा है। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार का विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कांग्रेस नेता चौधरी मोहन सिंह ने किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
चौधरी मोहन सिंह ने कहा कि 12 वर्षों से राजस्व कांपलेक्स का काम अधूरा पड़ा है। इससे जहां भवन खराब हो रहा है, वहीं लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिल पा रही। कांग्रेस सरकार के दौरान इस भवन का कार्य आरंभ किया गया, लेकिन दूसरी सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसी तहसील में खाद्य आपूर्ति विभाग का कार्यालय था, जिसका भवन खस्ता होने पर उसे अन्य जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग की तरफ से जो कार्यालय बनाया गया है वह कस्बे से काफी दूर है। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सीमावर्ती किसानों को अभी तक खराब हुई गेहूं की फसल का सरकार की तरफ से मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जम्मू संभाग में जल्द से जल्द 4 जी इटरनेट सेवा बहाल होनी चाहिए ताकि ऑनलाइन बच्चों की पढ़ाई कर सकें। प्रदर्शन में कई कार्यकर्ता शामिल रहे।