अखनूर। चौकी चौरा में बिजली-पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने बुधवार को तहसील परिसर में धरना दे करके नारेबाजी की। इससे पूर्व नगर में रैली निकाली गई। मांग की कि क्षेत्र में इस समस्या का समाधान किया जाए।
बुधवार को चौकी चौरा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुषों ने मेन चौक से रोष रैली निकाली और तहसील पहुुंच कर धरना दिया। इसकी अगुवाई रमेश चंद ने की। प्रदर्शनकारियों ने जल शक्ति और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों सुखदेव सिंह, रवि कुमार, सुभाषचंद्र ने बताया कि गांव गोड़ में चौकी चौरा में एक माह से पंप खराब है। क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। पानी के लिए आसपास क्षेत्र में प्राकृतिक स्रोत पर निर्भर रहना पड़ रहा है । वहीं क्षेत्र में लो वोल्टेज और बिजली कटौती पर परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
--------------
कबीर कॉलोनी में तीन से फुंका है ट्रांसफार्मर
अखनूर। कस्बे की कबीर कॉलोनी में तीन दिन से ट्रांसफार्मर जल जाने पर क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति ठप है। लोगों ने मुख्य सड़क पर घरना देकर वाहनों की आवाजाही दो घंटे तक अवरुद्ध करके बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
बुधवार को कबीर कॉलोनी के बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर सड़क पर आ गए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करके धरने पर बैठ गए। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित बिजली विभाग के अधिकारी भी पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि रात्रि तक क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति हो जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तीन दिन से फव्वारा चौक में ट्रांसफार्मर जलने से भीषण गर्मी में जीना मुहाल हो गया है। पानी की किल्लत का समाना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में कमलेश कुमारी, चंचला देवी, सुनिता देवी आदि शामिल रहे। संवाद
---------------
तीन दिन से फुंका है मट्टू पंचायत में ट्रांसफार्मर
ज्यौड़ियां खौड़ उपजिले की पंचायत मट्टू की वार्ड-एक में ट्रांसफार्मर तीन दिन से खराब है। स्थानीय लोगों को गर्मी और उमस भरे मौसम में बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंच व नायब सरपंच कुलबीर सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर की जानकारी विभाग के अधिकारियों को कई बार दी जा चुक ी है। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। नायब सरपंच कुलबीर सिंह ने कहा कि अगर जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वार्ड के लोग प्रदर्शन करेंगे। नारायण सिंह, राकेश चौधरी, रमेश चौधरी, शाम सिंह, मास्टर यशपाल चौधरी, जीत सिंह हवलदार ने भी विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है। संवाद
---------------
बिजली की टूटी तार के चपेट में आने से पशु की मौत
लोगों ने की मुआवजा देने की मांग
सांबा। जिला के गांव मनानू में बिजली की तार के टूटने से बुधवार को एक पशु की मौत हो गई। इसको लेकर लोगों में रोष है। लोगों ने मांग की कि विभाग मालिक को मुआवजा दे। हादसा उस समय हुआ जब तेज हवा चलने से बिजली की तार टूट गई। हालांकि आसपास और भी कई मवेशी थे वह बाल-बाल बच गए। सरपंच सुनील चौधरी ने कहा कि इस बाबत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया है कि इन खस्ताहाल तारों को बदला जाए लेकिन कोई उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है। संवाद
--------------
दुकानदारों ने जलाया बिजली विभाग का पुतला
लो वोल्टेज और कटौती से परेशान हैं व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। कस्बे के दुकानदारों ने बुधवार को बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या परेशान होकर बिजली विभाग का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि अगर जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कस्बे में 24 घंट में मात्र 5 घंटे ही बिजली मिल रही है। इसके बाद भी लोगों से पूरी बिजली के बिल की वसूली की जा रही है। मौजूदा समय में बिश्नाह में तैनात जितने भी बिजली कर्मचारी हैं सब फेलियर हो गए हैं। इन सबको स्थानीय दुकानदारों ने उपराज्यपाल से बदलने की मांग रखी। अन्यथा वह फिर से इस तरह का विरोध प्रदर्शन करेंगे जो इससे भी बड़ा होगा।