परगवाल में पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने जाते हुए
परगवाल। सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परिसीमन आयोग की रिपोर्ट और अन्य मुद्दों को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ताराचंद ने खौड़ विधानसभा क्षेत्र से तहसील परगवाल को हटाकर अखनूर विधानसभा क्षेत्र से जोड़े जाने को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया जताई। कहा कि खौड़ से चौकी-चौरा की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है। ऐसा लगता है कि परिसीमन आयोग ने भौगोलिक स्थिति की अनदेखी करते हुए इन तहसीलों को छंब विधानसभा क्षेत्र के साथ जोड़ा है। ताकि सत्तारूढ़ दल के नेताओं को फायदा हो सके। उन्होंने कहा परगवाल खौड़ का अटूट अंग है। इसको किसी भी कीमत पर अलग नहीं होने देंगे। महंगाई बेरोजगारी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। जम्मू-कश्मीर के युवा सड़कों पर हैं बेरोजगारी दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है। सरकार रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय युवाओं की नौकरियां छीन रही है। पुलिस बॉर्डर बटालियन के उम्मीदवारों के विरोध का जिक्र करते हुए ताराचंद ने प्रशासन पर जमकर निशाना साधा और इसे बेरोजगारी के मूल मुद्दे के प्रति मूकदर्शक करार दिया।
बाद में परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के खिलाफ प्रदर्शन किया गया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर वरुण मगोत्रा, दलजीत सिंह, जगत्तर सिंह, जगदीश राज शर्मा, कालिदास देविंदर चिब, करण सिंह बोधराज शामलाल, रतनलाल शर्मा, विपिन लचोत्रा, शमशेर दास विजय शर्मा समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।