अखनूर में बिजली कटौती के विरोध में कार्यालय में प्रदर्शन करते उपभोक्ता।
अखनूर। कस्बे के कई मोहल्ले और बाजारों में लो वोल्टेज और बिजली की हो रही जबरदस्त कटौती को लेकर लोगों ने बिजली विभाग के कार्यालय में सोमवार को नारेबाजी करके प्रदर्शन किया। मांग की कि क्षेत्र में लो वोल्टेज और बिजली की कटौती का समाधान किया जाए।
सोमवार को कस्बे के बिजली विभाग के कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो करके विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारु करने के लिए कदम उठाने की मांग की। पार्षद राकेश मल्होत्रा ने कहा कि दो हफ्ते से बिजली की आपूर्ति में कटौती और लो वोल्टेज हो रही है। इस भीषण गर्मी में लोगों को बड़ी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के लिए सूचना भी दी गई। मगर इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। प्रदर्शनकारी बिट्टू ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों को लो वोल्टेज और बिजली कटौती से बड़ी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग को समस्या का समाधान करना चाहिए। अगर शीघ्र ही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में राजेश गुप्ता, डब्बू, विजय शर्मा, शोलू महाजन, कुलदीप शर्मा आदि शामिल रहे।