भगवती नगर के चौथे पुल पर तीन माह बाद बैली ब्रिज हटाकर दोनों लेन यातायात के लिए खोल दी गईं, जिससे शहरवासियों को जाम से राहत मिली। बाढ़ से धंसी सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र को समतल कर वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी और पुल अब एनएचएआई को हैंडओवर किया जाएगा।
तीन माह बाद शनिवार को भगवती नगर चौथे पुल के दोनों लेन वाहनों के लिए खुल गए। पुल के एक हिस्से पर बैली ब्रिज को हटा लिया गया है। इसके बाद से वाहनों का आवाजाही सुचारु हो गई। इससे शहरवासियों को जाम से निजात मिल गई। 26 अगस्त को बाढ़ के कारण पुल से लगती सड़क धंस गई थी।
विज्ञापन
पुल के एक लेन पर सेना ने बैली ब्रिज बनाया था। इससे एकतरफा वाहनों का परिचालन शुरू हुआ था। साथ ही लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत शुरू की थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब बैली ब्रिज हटाया गया है जिससे दोनों लेन पर वाहन चलने लगे हैं।
शनिवार दोपहर 12 बजे तक ब्रिज का ढांचा ट्रकों में रखकर पठानकोट भेज दिया गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने वहां से मलबा और मिट्टी हटाई। लोक निर्माण विभाग के जेई संजय कोतवाल ने बताया कि बैली ब्रिज हट जाने के बाद शनिवार को मलबा व मिट्टी को हटाकर सड़क को यातायात के लिए समतल करने का काम युद्धस्तर पर किया गया। पुल स्थायी तौर पर एनएचएआई को बनाना है इसलिए इसे हैंडओवर किया जाएगा।