दक्षिण कश्मीर में तीन दिन में एक सेब व्यापारी समेत तीन गैर प्रांतीय लोगों की हत्या के बाद डीजीपी दिलबाग सिंह ने अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शोपियां जिले में इन घटनाओं के बाद उत्पन्न कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को डीजीपी दिलबाग सिंह, आईजी कश्मीर एसपी पाणि व अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
सिंह ने कहा कि इन घटनाओं में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने इस तरह के बर्बर कृत्य की निंदा की है और पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। पूरे जम्मू और कश्मीर की स्थिति में सुधार हो रहा है, हालांकि पाकिस्तान घाटी में अशांति पैदा करने के लिए और अधिक आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने की कोशिश कर रहा है।
डीजीपी ने पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के सभी फील्ड कमांडरों को स्थानीय फल व्यापारियों के परामर्श से अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया। कहा, घाटी से बाहरी बाजारों में सेब पहुंचाने के लिए लोडिंग प्वाइंट की पहचान कर ली गई है, जहां नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।