एनएचएआई के चेयरमैन युद्धवीर सिंह ने बताया कि साढ़े नौ किलोमीटर लंबी चिनैनी नाशरी सुरंग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। सुरंग की जांच पूरी होने के बाद इसे बहाल किया जा सकता है। एनएचएआई ने कार्यकारी एजेंसियों को उधमपुर तथा चिनैनी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग की चौड़ाई के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
यह जानकारी उन्होंने पीडब्ल्यूडी मंत्री नईम अख्तर के साथ मुलाकात में दी। एनएचएआई के चेयरमैन को राज्य में महत्वपूर्ण राजमार्ग तथा सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए दो दिवसीय दौरे पर भेजा गया था। वे बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय तथा केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपेंगे।
मुलाकात में यह तय किया गया कि चिनैनी से नाशरी सुरंग को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार तथा एनएचएआई दोनों सुरंग के आस पास पर्यटक सुविधाओं को विकसित करेगा। इस दौरान नईम ने राज्य के दोनों राजधानी शहरों के बीच सुचारु यात्रा के लिए श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग के स्तर को बढ़ाने के लिए श्रीनगर-काजीगुंड, काजीगुंड-बनिहाल सुरंग, बनिहाल-रामबन सेक्शन तथा चिनैनी- नाशरी पर कार्य में तेजी लाने पर बल दिया। उन्होंने बटोत से किश्तवाड़ राजमार्ग, जम्मू तथा श्रीनगर में रिंग रोड़ परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए एनएचएआई के चेयरमैन के हस्तक्षेप की मांग की।
काजीगुंड बनिहाल सुरंग अगले वर्ष शुरू
Nashri Tunnel
- फोटो : FILE PHOTO
चेयरमैन ने बताया कि बटोत से किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए 100 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इसे इस वर्ष दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। बनिहाल से रामबन क्षेत्र की 36 किलोमीटर सड़क के स्तर को बढ़ाने के संबंध में मंत्री ने चेयरमैन को आश्वासन दिया कि राज्य मंत्रिमंडल ने पहले से ही क्षेत्र में मलबा फेकने की मंजूरी दी है। कुछ और स्थलों की मंजूरी शीघ्र दी जाएगी।
चेयरमैन ने इन स्थानों के लिए शीघ्र भुगतान करने की मातहतों को हिदायत दी। इस दौरान आरएंडबी आयुक्त सचिव रोहित कंसल, एनएचएआई सदस्य नीरज वर्मा, एनएचएआई रीजनल हेड हेमराज तथा आरएंडबी विभाग तथा एनएचएआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे। चेयरमैन ने बताया कि काजीगुंड से बनिहाल के बीच लगभग 8.5 किलोमीटर लंबी सुरंग बनकर तैयार है। इसे 2018 में शुरू किया जाएगा।
रिंग रोड के लिए 3300 करोड़
जम्मू तथा श्रीनगर में रिंग रोड के निर्माण के संबंध में जानकारी दी गई कि इन नई सड़कों पर पहले से ही सर्वे पूरा किया जा चुका है । इन रिंग रोड के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम के अधीन करीब 3300 करोड़ रुपये की राशि रखी गई है।
बटोत-डोडा से होकर सुद्धमहादेव तथा जम्मू-अखनूर के नए राष्ट्रीय राजमार्गों के विषय में बताया गया कि सलाहकारों को 6 माह के भीतर डीपीआर जमा करवाने को कहा गया है। जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग का पुंछ तक विस्तार किया जाएगा। प्रधानमंत्री विकास योजना के तहत जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर अखनूर तथा राजोरी के लिए में 5100 करोड़ रुपये की राशि सुनिश्चित की गई है।