आयन देव सिंह के शानदार 94 रन भी जेएंडके को एक पारी की हार से बचा नहीं पाए। केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर बुधवार तीसरे दिन ही रणजी ट्राफी में कर्नाटक ने जेएंडके पर एक पारी और तीस रनों से शानदार जीत दर्ज की। आयन को छोड़कर जेएंडके का कोई भी बल्लेबाज कमाल दिखाने पर कामयाब नहीं हो सका।
ग्रुप ए में अपने पहले मुकाबले में मुंबई पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद तमिलनाडु के बाद कर्नाटक ने जेएंडके को बड़े अंतर से मात दी है। अंक तालिका में भी दस अंकों के साथ जेएंडके नीचे पहुंच गया है। इस जीत में कर्नाटक को सात अंक मिले। कर्नाटक के आरवी उथप्पा को मैच आफ द प्लेयर का पुरस्कार दिया गया।
जेएंडके के पहली पारी के 160 रनों के जवाब में कर्नाटक ने 423 रनों का स्कोर खड़ा करके पारी घोषित कर दी थी। बुधवार एक पारी की हार को बचाने के लिए जेएंडके ने एक विकेट से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन आयन को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका।
मध्यक्रम से निचले क्रम तक जेएंडके ने 53 रनों पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे। हालांकि वन डाउन पर उतरे आयन देव सिंह ने एक छोर को संभालते हुए 150 गेंदों पर 13 चौकों और दो छक्कों से शानदार 94 रनों की पारी खेली, लेकिन जल्दबाजी के चक्कर में विनय कुमार की गेंद पर विकेट गंवा बैठे।
उसके बाद कोई भी बल्लेबाज स्कोर को आगे नहीं खींच सका और पूरी टीम 66.2 ओवर में 233 रनों पर लुढ़क गई। टीम की ओर से आदिल ऋषि ने 36, परवेज रसूल ने 25, एम मुद्दसर ने नाबाद 17, उमर नजीर ने 16, पीए शर्मा, राम दयाल और एस बेग ने चार-चार रन टीम के खाते में जोड़े। अब छठे मुकाबले में जेएंडके की आगामी 13 जनवरी को कोलकाता में बंगाल से भिड़ंत होगी।