अफगानी महिला को पासपोर्ट जारी करने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को श्रीनगर शहर के पासपोर्ट दफ्तर में छापा मारा था। इस दौरान अधिकारियों से पूछताछ करने के साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए। यह देश की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी चूक मानी जा रही है। पासपोर्ट जारी करने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन भी हुआ, लेकिन मामला पकड़ में नहीं आया।
सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर के छानापोरा इलाके में रह रही एक अफगानी महिला लतीफा नजीर को श्रीनगर के क्षेत्रीय पासपोर्ट दफ्तर से पिछले साल पासपोर्ट जारी हुआ। जबकि उसके पास भारतीय नागरिकता नहीं है। श्रीनगर के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बृजभूषण नागर के अनुसार महिला की शादी श्रीनगर के एक कारोबारी नजीर अहमद के साथ 1986 में हुई थी। दोनों के तीन बच्चे भी हैं। महिला को पहला पासपोर्ट 2003 में जारी किया गया था। उसके पास स्टेट सब्जेक्ट सर्टिफिकेट और अन्य प्रमाण भी थे। महिला का पति नजीर अहमद बेकरी चलाता है।