जम्मू हाईकोर्ट में शुक्रवार की सुबह उस वक्त अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब जेएंडके स्पेशल ट्रिब्यूनल की चेयरपर्सन और एक वरिष्ठ वकील में किसी बात को लेकर बहस हो गई। वरिष्ठ वकील से दुर्व्यवहार होने की सूचना मिलते ही तमाम वकील जमा हो गए और कामकाज ठप कर दिया। बाद में दोनों पक्षों में सुलह करवाने के प्रयास चलते रहे।
एडवोकेट बीएस मन्हास ने कहा कि पिछले 40 सालों से अदालत में प्रैक्टिस कर रहे वरिष्ठ वकील केएस पुरी किसी केस को लेकर स्पेशल ट्रिब्यूनल की चेयरपर्सन सोनाली कुमार के पास गए थे। इस दौरान उन्होंने केस में अपना पक्ष रखने की बता कही तो चेयरपर्सन उनसे बहस करने लगी। साथ ही उन्होंने कुछ आपत्तिजनक शब्द कहे।
इस पर वरिष्ठ वकील भड़क उठे। इसके बाद तमाम वकील काम छोड़ कर जमा हो गए और उन्होंने न्यायालय परिसर में नारेबाजी की। मन्हास ने कहा कि बार के सीनियर वकील के साथ चेयरपर्सन को इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए थी।
दोनों अदालत के सम्मान योग्य शख्सियत हैं, ऐसे में उन्हें अच्छे लहजे के साथ बातचीत करनी चाहिए थी। बहरहाल, इससे वकीलों के चैंबर परिसर में अच्छा खासा हंगामा मचा रहा। यंग लायर्स एसोसिएशन के दलजीत सिंह मन्हास ने भी घटना की निंदा की है।