जम्मू यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित विभाग और मान्यता प्राप्त कालेजों में पीजी कोर्सों में दाखिले के लिए जम्मू यूनिवर्सिटी की ओर से करवाए जम्मू एंट्रेंस परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थी अपने आवेदन फार्म जमा करवा सकते हैं। जेयू की आधिकारिक वेबसाइट की जानकारी के मुताबिक एंट्रेंस परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थी सोमवार से अपने मनपसंद विषयों के लिए अपना आवेदन फार्म भर सकते हैं।
इसके लिए विद्यार्थी जेयू की वेबसाइट से आवेदन फार्म डाउनलोड कर अपना फार्म पूरा भरकर अपने विषयों से संबंधित विभागों में आफलाइन मोड के आधार पर जमा करवा सकते हैं। जेयू एवं मान्यता प्राप्त कालेजों में पीजी कोर्सों में सीटें हासिल करने के लिए आवेदन फार्म जमा करने की प्रक्रिया पंद्रह जुलाई तक चलेगी। इसके साथ लेट होने वाले विद्यार्थियों को नब्बे रुपये की लेट फीस को कैश या जेयू रजिस्ट्रार के नाम पर डिमांड ड्राफ्ट बनवाकर अपना आवेदन फार्म जमा करना होगा।
इसके लिए विवि की ओर से अठारह जुलाई तक का समय रखा गया। पहली अगस्त के साथ शुरू होने वाले विवि के नये सत्र के लिए पहली कट आफ लिस्ट बीस जुलाई को निकाली जाएगी। इस लिस्ट के आधार पर आने वाले विद्यार्थी अपना दाखिला फार्म फीस के साथ जमा करवा सकेंगे। दूसरी लिस्ट 22 जुलाई को निकलेगी। इसके साथ ही तीसरी लिस्ट 24 को, जबकि चौथी लिस्ट 27 जुलाई को निकलेगी।
पीजी कोर्सों में दाखिले के लिए कुछ विषयों को महिला कालेजों में भी शामिल किया गया, जिसके लिए सिर्फ युवतियां ही आवेदन कर सकती हैं। आवेदन फार्म जमा करने की प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने के लिए शनिवार को भी विवि कैंपस केे सभी विषयों के विभाग खुले रहेंगे। शनिवार दिन के हिसाब से 18, 25 जुलाई और पहली अगस्त को विवि कैंपस के विभागों को खुला रखा जाएगा, ताकि आवेदन फार्म जमा करवाने के लिए आने वाले विद्यार्थियों को किसी भी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।