- मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने परिवहन विभाग में किए गए सुधारों के कार्यान्वयन प्रगति की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। लोगों को बेहतर यातायात सुविधा देने के लिए परिवहन विभाग ने कई पहल की हैं। इनकी कार्यान्वयन प्रगति जानने के लिए बुधवार को मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने बैकलॉग ड्राइविंग लाइसेंस की स्थिति जानी। वहीं, यातायात नियमों के आदतन उल्लंघनकर्ता के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए उनके ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन का पंजीकरण रद्द करने का निर्देश जारी किया। कहा कि विभाग ई-चालान को पूरी तरह से लागू करने जा रहा है।
मुख्य सचिव ने विभाग के सुचारू कामकाज के लिए पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग नीति, इलेक्ट्रिक वाहन नीति, दुर्घटना पीड़ित निधि, सड़क सुरक्षा पर एससी समिति की सिफारिशों के कार्यान्वयन व सड़क सुरक्षा समितियों के पुनर्गठन पर परिवहन विभाग से स्थिति रिपोर्ट मांगी। यात्रियों के लिए आईटीएमएस आधारित बुकिंग, वाहन स्थान ट्रैकिंग प्लेटफार्म (वीएलटीपी), ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आईटीएमएस व एकीकृत सड़क सुरक्षा डेटाबेस की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिवहन सब्सिडी योजना के कार्यान्वयन जायजा लिया।
जेकेआरटीसी के कामकाज की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों में नए बस को शामिल करने के के बारे में पूछा। जेकेआरटीसी बसें व ट्रकों की लागत और कमाई के बारे में जानकारी ली। सचिव परिवहन नीरज कुमार ने कहा कि श्रीनगर के बेमिना में ट्रांसपोर्ट भवन बनाया जा रहा है, जिसका 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। कहा कि कोट भलवाल जम्मू में ड्राइविंग, प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान (आईडीटीआर) और सांबा में निरीक्षण और प्रमाणन केंद्र (आईसीसी) का काम जोरों पर चल रहा है और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा होने की संभावना है। कहा गया कि सड़क सुरक्षा उपायों में एआई के उपयोग की योजना बनाई जा रही है। बैठक में आईजी ट्रैफिक, प्रमुख सचिव वित्त, सचिव पीडब्ल्यूडी, एमडी आरटीसी, निदेशक मोटर गैरेज व अन्य संबंधित अधिकारी थे।