अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने अनंतनाग-राजोरी सीट पर मतदान 25 मई तक टालने के विरोध में बुधवार को चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। पीडीपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से लाल चौक तक मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर पुतले फूंके। पार्टी के जिला अध्यक्ष अब्दुल कयूम भट ने कहा, अनंतनाग-राजोरी सीट पर चुनाव प्रचार खत्म कर पार्टियां श्रीनगर और बारामुला सीटों के चुनाव प्रचार पर ध्यान देतीं, लेकिन चुनाव टाल दिया गया। क्योंकि महबूबा मुफ्ती की बात लोगों के दिलों में उतरती है। भाजपा को इसी बात का डर है कि अनंतनाग से जीतकर पीडीपी श्रीनगर और बारामुला में भी सफाया करने वाली है। मौसम तो सिर्फ एक बहाना है। यह सरासर बेइंसाफी है, चुनाव आयोग को ऐसा नहीं करना चाहिए था।
पार्टी के जिला अध्यक्ष बड़गाम मोहम्मद यासीन भट ने कहा, लोग 7 मई को वोट डालने के लिए तैयार थे। जो चुनाव आयोग का फैसला था उसके खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन निकाला है। इससे साफ होता है कि चुनाव आयोग के अधिकार भाजपा ने अपने पास रखे हैं। 1987 में जो यहां हालात हुए, उसी तरह से यहां हालात बनाना चाहते हैं। लेकिन हम वैसा नहीं होने देंगे, भारत के संविधान के तहत उन्होंने जवाब देंगे।