रसोई गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते डीसी डा. राकेश मिन्हास
- डीसी ने कहा - नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
- स्टॉक की जांच के लिए बनाई गईं विशेष टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मृ। जम्मू। बिगड़ी रसोई गैस वितरण व्यवस्था में सुधार लाने के लिए शनिवार को डीसी डा. राकेश मिन्हास ने एलपीजी वितरकों और तेल विपणन कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक की। वीआईपी कल्चर खत्म कर रसोई गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी में पारदर्शिता के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी ने निर्देश दिए कि सभी वितरक निर्धारित आपूर्ति समय-सारिणी और नवीनतम दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि ने किसी भी उपभोक्ता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। रसोई गैस सिलिंडर की वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी हो। उन्होंने वितरकों को सख्त लहजे में कहा कि गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक कतारें न लगें, क्योंकि इससे जनता को परेशानी होती है। जमीनी स्तर पर गड़बड़ियों को रोकने के लिए डीसी ने विशेष निगरानी टीमों के गठन किया। ये टीमें जिले भर में वितरकों के स्टॉक की क्रॉस-वेरिफिकेशन करेंगी और नियमों के पालन पर नजर रखेंगी। चेतावनी दी कि दोषी पाए जाने वाले वितरकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।