जम्मू। स्कूलों के दोबारा खुलने के साथ ही जम्मू जिले में कोविड से जुड़े कार्यों में तैनात 149 शिक्षकों को उनके मुल तैनाती स्थानों में भेजा गया है। मंगलवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत इन शिक्षकों को 23 फरवरी तक अपने मूल तैनाती स्थल पर उपस्थिति दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं।
2020 में जम्मू जिले में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने इन शिक्षकों को नोडल अधिकारी जम्मू एयरपोर्ट, पुरमंडल मोड़, लखनपुर, बीएमओ कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात किया था। अब जिले में कम होते कोविड के मामले और स्कूलों के खुलने के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कोविड कार्यों में लगे शिक्षकों को मुक्त कर मूल तैनाती स्थानों पर भेजा है। जिलों में कक्षा एक से लेकर 12वीं तक सभी स्कूल खोल दिए हैं। अब स्कूलों में नियमित रूप से ऑफलाइन क्लासेज लग रही हैं। कोविड से जुड़े कार्यें में शिक्षाओं के तैनात होने से स्कूलों में शिक्षकों की कमी थी।
ऐसे में जिला प्रशासन ने शिक्षकों को मूल तैनाती स्थलों पर भेजना का फैसला लिया है। इससे पहले मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों को तीन महीने से अधिक समय तक अटैंच नहीं करने का आदेश भी जारी हुआ था। शिक्षा विभाग ने सभी जिला उपायुक्तों को पत्र लिखकर शिक्षकों को वर्तमान कार्य से मुक्त कर उन्हें मूल तैनाती स्थल स्कूलों में भेजन को कहा था। प्रदेश में कोविड के कम होते मामलों को देखते हुए अन्य जिलों में कोविड से जुड़े कार्यों में तैनात शिक्षकों को उनके मूल तैनाती स्थल पर भेजे जाने की तैयारी है।