जम्मू। ऑफलाइन परीक्षाओं के विरोध में जम्मू विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को पांचवें दिन जनरल जोरावर सिंह सभागार के सामने सन्नी परिहार के नेतृत्व में विवि प्रशासन का पुतला जलाया और नारेबाजी की। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. प्रकाश अंताल ने छात्रों की वीसी मनोज धर के साथ मुलाकात करवाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
जम्मू विश्वविद्यालय में इंजीनियररिंग विभाग के छात्रों की भूखहड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। विवि के अधीन आने वाले पांच इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र दिनभर वीसी चैंबर के बाहर बैठे रहे। शाम के समय जनरल जोरावर सिंह सभागार के बाहर आवाज बुलंद की। क्योंकि इसी सभागार में साइंस सप्ताह का कार्यक्रम चल रहा था। वहां वीसी आने वाले थे। इस कारण छात्रों ने बाहर धरना देना शुरू किया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने समझौता करवाने के लिए छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की वीसी से मुलाकात करवाई। अंकुश ने कहा कि वीसी ने जवाब दिया है कि प्रमुख सचिव और मंडल आयुक्त को इस समस्या का समाधान निकालने के लिए पत्र भेजा गया है। उन्हीं के निर्देशानुसार तय किया जाएगा कि परीक्षाएं ऑनलाइन या ऑफलाइन होंगी। इसमें एक सप्ताह भी लग सकता है। छात्रों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि समस्या का हल होने तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।