जम्मू। भारत-चीन युद्ध के हीरो महावीर चक्र विजेता हवलदार स्वरूप सिंह के नाम पर गाडीगढ़ में मेमोरियल द्वार बनेगा। इसका वीरवार को नगर निगम के मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने शिलान्यास किया। इस मौके पर उप मेयर पूर्णिमा शर्मा और पार्षद भी मौजूद रहे। हवलदार स्वरूप सिंह 1962 में चीन के साथ युद्ध में शहीद हो गए थे। शिलान्यास कार्यक्रम में शहीद के परिजन भी मौजूद रहे।
इससे पहले सैनिक वेलफेयर बोर्ड के निदेशक गुरमीत सिंह शान ने सरूप सिंह की जीवनी पर प्रकाश डाला। मेयर ने कहा कि सरकार ने शहीदों को सम्मान देने के लिए नीति बनाई है। इसके तहत शहीदों के नाम पर सड़कें, स्कूल और संस्थान बनाए जा रहे हैं। वार्ड 73 के पार्षद युद्धवीर सिंह ने 12वीं जनरल बैठक में स्वरूप सिंह के नाम पर गाडीगढ़ में मेमोरियल द्वार बनाने का प्रस्ताव रखा था। इस मौके पर स्वरूप सिंह के पुत्र दविंदर सिंह, अमरीक सिंह, राज कौर आदि मौजूद रहे।