झंस्कार में फुकटल नदी के बहाव में आई रुकावट की समस्या से निपटने के लिए नेशनल क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी (एनसीएमसी) की उच्च स्तरीय बैठक में मंथन किया गया। नई दिल्ली में यूनियन कैबिनेट सचिव अजीत सेठ की अध्यक्षता में हुई बैठक में रुकावट को नष्ट करने पर एक्शन प्लान तैयार किया गया।
एक्शन प्लान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि मौसम साफ होते ही अगले कुछ दिनों में एडवांस पार्टी के ले-आउट ग्रुप राशन, तेल, आक्सीजन सिलेंडर, दवा और उपकरण व अन्य आवश्यक सामानों के साथ मौके पर पहुंचेगी। इसमें विशेषज्ञ शामिल होंगे। टीम वहां ड्रिलिंग शुरू करेगी और यह काम एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा।
रियासत के मुख्य सचिव इकबाल खांडे, प्रधान सचिव (योजना व विकास) बीआर शर्मा, पीएचई सचिव डा. पवन कोतवाल, राजय्व सचिव विनोद कौल, कश्मीर के मंडलायुक्त रोहित कांसल और कारगिल के डिप्टी कमिश्नर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक में भाग लिया।
इस दौरान मुख्य सचिव और डीसी कारगिल ने बताया कि इस मिशन में प्रभावित होने वाले नागरिकों को वहां से हटाने का काम शुरू हो चुका है। पूरे आपरेशन पर जमीन, एरियल और सेटेलाइट से मिशन के पल-पल का डाटा इकट्ठा किया जाएगा। हाल ही में तैयार की गई काल्पनिक तस्वीर से पता चलता है कि नदी की चौड़ाई 125 मीटर और उसका धरातल क्षेत्र 220 एचए है।