विजयपुर। ठंडी खुई में सरकारी जमीन पर बने आनंद फार्म को शुक्रवार को ध्वस्त करने के बाद जिला प्रशासन ने स्टेट लैंड का बोर्ड लगा दिया है। अतिक्रमण हटाने की जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का हर वर्ग ने स्वागत किया है।
सूर्य ग्राम विकास समिति के राज्य प्रधान जशील सिंह, संगठनों और गणमान्य लोगों ने उपायुक्त रोहित खजूरिया और उनकी टीम द्वारा जो अतिक्रमण हटाया जा रहा है उस कार्रवाई का स्वागत किया है। राज्य प्रधान जशील सिंह ने एक बैठक में उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू से मांग की है कि जिन लोगों ने सरकारी जमीनों पर विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से अतिक्रमण को बढ़ावा दिया गया है उन अधिकारियों की भी जांच की जाए और उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाए और दोषी पाने के बाद उनकी संपत्ति जब्त की जाए। उन्होंने कहा कि अगर सांबा जिला को अतिक्रमण मुक्त करना है तो उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए जिन राजस्व विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से जिले में अतिक्रमण बढ़ा है जैसे ही भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होगी अतिक्रमण दोबारा नहीं होगा और सांबा जिला अतिक्रमण मुक्त हो जाएगा। क्योंकि जब जिला प्रशासन के अधिकारी अतिक्रमण हटाने जाते हैं तो पहले लोगों के विरोध का सामना करना पड़ता है। दूसरी तरफ वरिष्ठ अधिकारियों का कीमती समय और सरकार का पैसा खर्च होता है। तब जाकर अतिक्रमण मुक्त होता है। गणमान्य लोगों ने बताया 2007 में जब सांबा जिला बनाने की घोषणा हुई थी। उसके बाद से ही भूमाफिया, प्रापर्टी डीलरों द्वारा कुछ राजस्व विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से जेसीबी मशीन लगा कर धीरे-धीरे अवैध रूप से अतिक्रमण करना शुरू कर दिया गया है।
अभी और खाली करानी है सरकारी जमीन
विजयपुर। उपायुक्त रोहित खजूरिया ने निर्देश दिए हैं जिले में सरकारी, मतलुका, घाहचराई, चोई, नाले, खडें आदि जमीनों पर जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है उनको पहले जमीन खाली कराने का नोटिस भेजा जाए। अगर फिर भी नोटिफिकेशन का उल्लंघन किया जाता है या जमीन खाली नहीं की जाती है तो उसके बाद जेसीबी मशीन लगाकर कार्रवाई की जाए। वहां सरकारी स्टेट लैंड का बोर्ड लगा दिया जाए। जैसे तमौर, घगवाल, जख, तरोड, सरोर, ठंडी खुई, सांबा, पैखडी, समेलपुर, रांजडी, सत्रामील आदि में किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिन लोगों को नोटिस भेजा गया है उनमें से कुछ खुद ही खाली कर रहे हैं। अब तक सैकड़ों कनाल सरकारी जमीन खाली करा दी गई है। बहुत सी जमीन अभी खाली करानी बाकी है। हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले के गणमान्य लोगों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। संवाद