जम्मू। जिले में चल रहे अवैध अल्ट्रासाउंड क्लीनिकों पर सख्ती होगी। छापे के दौरान अब चिकित्सा विभाग की टीम के साथ मजिस्ट्रेट भी मौके पर मौजूद रहेगा। इससे क्लीनिक को तत्काल सीज कर कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया चलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने की सिफारिश की है। सभी क्लीनिक प्रबंधनों को गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की हिदायतें जारी की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अल्ट्रासाउंड क्लीनिकों के नवीकरण व अन्य दूसरी औपचारिकताओं को लेकर फिलहाल नए केंद्रीय कानून के अमल होने का इंतजार किया जा रहा है। लेकिन इसके साथ अल्ट्रासाउंड क्लीनिकों की जांच पर सख्ती करने की तैयारी की जा रही है। जम्मू जिला में निजी व पब्लिक स्तर पर 114 अल्ट्रासाउंड क्लीनिक चल रहे हैं। गत दिवस जिला एडवाइजरी कमेटी की बैठक में छापे और जांच प्रक्रिया के दौरान प्रशासन से मजिस्ट्रेट को उपलब्ध करवाने की सिफारिश की गई। इससे पहले चिकित्सा टीम ही अपने स्तर पर यह कार्रवाई करती थी। स्वास्थ्य विभाग को गाइडलाइन का नजरअंदाज कर अल्ट्रासाउंड क्लीनिकों को चलाए जाने की शिकायतें मिली हैं।