बिश्नाह। क्षेत्र के गांव चक बाना के पास मोटरसाइकिल के पीछे बैठी महिला का दुपट्टा बाइक की चैन में फंस गया। महिला मोटरसाइकिल से नीचे गिर गई। मोटरसाइकिल चला रहे उसके बेटे ने बेसुध मां को उप जिला अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। महिला की पहचान गुरमीत कौर (47) पत्नी प्रीतम सिंह निवासी कीर पिंड आरएस पुरा के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी बिश्नाह पुलिस को दी गई। पुलिस ने बेटे के बयान दर्ज करते हुए मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। घटना उस समय हुई जब कीर पिंड निवासी गुरमीत कौर बेटे के साथ बिश्नाह गांव चुंबीया में बहन के घर जा रही थी। चक बाना गांव के पास गुरमीत कौर का दुपट्टा मोटरसाइकिल की चेन में फंस जाने से गुरमीत कौर नीचे गिर गई। उसके सिर में गहरी चोट लगी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।