दुर्घटना में घायल स्कूली लडके को जम्मू रैफर करते हुए
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। आरएस पुरा-जम्मू सड़क मार्ग पर स्थित गांव ठिकरिया के पास शुक्रवार को तवेरा और बाइक की टक्कर हो गई। इसमें बाइक पर बैठे तीन युवक घायल हो गए। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद के जीएमसी रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार एक बाइक पर तीन युवक दीपांशु (17) पुत्र प्रीतम सिंह निवासी ठिकरिया, योगेश चौधरी (16) पुत्र देवराज निवासी फतेहपुर रख जाड, अभिषेक चौधरी (17) पुत्र रमेश लाल निवासी गांव घराना 12 वीं कक्षा के छात्र हैं। वे सभी कहीं जा रहे थे। इस गांव ठिकरिया के पास उनकी बाइक में तवेरा कार ने टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने इस हादसे की सूचना पुलिस को दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें आरएस पुरा उपजिला अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। यहां अभिषेक चौधरी को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया जबकि दीपांशु और योगेश को गंभीर चोटें आई होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तवेरा व बाइक को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-------
हादसों में बाल-बाल बचे राहगीर
सांबा। कस्बे के हाईवे पर हुए दो हादसों में दुकानदारों के साथ राहगीर बाल-बाल बच गए। इस दौरान दो बाइक और एक कार को नुकसान पहुंचा है। सूत्रों के अनुसार वीरवार रात एक ट्रक जम्मू की ओर जा रहा था। उसकी ब्रेक फेल होने पर ट्रक एक दुकान के साथ जा टकराया। गनीमत रही कि दुकान बंद थी। इस बीच निकट खड़ी दो बाइक और एक कार को नुकसान पहुंचा। बताया जाता है कि उस समय हाईवे पर लोग खड़े थे, जब उन्होंने देखा की एक ट्रक उनकी और आ रहा है तो वह भाग निकले, जिस से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह भी एक ट्राला की ब्रेक फेल हो गई और वह हाईवे के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। इस हादसे में राहगीर बाल-बाल बच गए। स्थानीय निवासी कमल भट्टी, अमन गुप्ता, विकेश अंबा आदि ने मांग उठाई है कि कस्बे के चौक पर फ्लाईओवर बनाया जाए ताकि भविष्य में हादसों से बचा जा सके। सनद रहे कि गत एक वर्ष में ही हाईवे पर आधा दर्जन ट्रकों की ब्रेक फेल होने के हादसे हो चुके हैं, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और आधा दर्जन घायल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है कि चौक पर फ्लाईओवर बनाया जाए।