पौनी। पौनी के डडोया में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में भाई की मौत हो गई जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है। सुंदरबनी में उपचार के बाद उसे जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को डडोया क्षेत्र में युवक अलताफ पुत्र अजीज मोहम्मद निवासी डडोया अपनी बहन जानो बीबी को बाइक (जेके02एएल-1126) स्कूल छोड़ने जा रहा था। इस दौरान बाइक अनियंत्रित हो कर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें सुंदरबनी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर अलताफ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, युवती की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।