रियासी। रियासी जिले की थुरु तहसील के गबरान अपर मसलोत इलाके में ननिहाल में वीडीसी नाना की राइफल से खेलते बड़े भाई के हाथों छोटे की मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान वंश सिंह (04) मोहिंद्र सिंह निवासी त्रंकसा लोअर मसलोत, थुरु (रियासी) के रूप में हुई है। वह रविवार दोपहर ही ननिहाल गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को गबरान अपर मसलोत अपने ननिहाल गए दो सगे भाई वीडीसी (ग्राम रक्षा समिति) सदस्य नाना की राइफल से खेल रहे थे। इस दौरान बड़े के हाथों चली गोली से छोटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान घर के सदस्य नजदीक ही खेत में काम कर रहे थे। गोली की आवाज सुनने के बाद वह घर की तरफ भागे और नवासे वंश सिंह को खून से लथपथ पड़ा पाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद अरनास पुलिस स्टेशन के एसएचओ राजेश गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, पीएचसी अरनास में औपचारिकताएं पूरी कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। इस संबंध में पुलिस स्टेशन अरनास में मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।