जम्मू। कच्ची छावनी में रविवार देर शाम एक बुलेट बाइक को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार कार सामने से आ रही पुलिस बस से जा भिड़ी। इस जोरदार टक्कर में कार के परखचे उड़ गए। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस की ही गाड़ी से जीएमसी जम्मू पहुंचाया गया, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह उखड़ गया। एयरबैग खुलने के बाद भी कार सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी, जो समाने से आ रही पुलिस बस से टकरा गई। कार चालक ने इससे पहले एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार को भी टक्कर मारी थी, जिससे बाइक सवार भी गिर गया। शाम को हादसे के बाद सीपीओ चौक कच्ची छावनी रोड पर लंबा जाम लग गया। मौके पर मौजूद पुलिस की टीम ने घायलों को पीसीआर में जीएमसी पहुंचाया और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो