जम्मू। दिवाली पर शहर के विभिन्न हिस्सों से 60 लोग झुलसकर जीएमसी में इलाज के लिए पहुंचे। राहत यह रही कि इनमें कोई भी गंभीर रूप से नहीं झुलसा था। सभी को प्राथमिक चिकित्सा देकर छुट्टी दे दी गई। त्योहार के मद्देनजर जीएमसी सहित अन्य अस्पतालों के इमरजेंसी ब्लाक में विशेष इंतजाम किए गए थे। जीएमसी में बर्न वार्ड के अलावा अतिरिक्त वार्ड को तैयार रखा गया था। इसमें झुलसे मरीजों के इलाज के लिए अतिरिक्त दवाएं और दूसरी चीजें उपलब्ध करवाई गई थीं।
दिवाली पर रात को आतिशबाजी शुरू होने के साथ ही एक के बाद एक घायल का पहुंचना शुरू हुआ। जीएमसी की इमरजेंसी में झुलसने मामलों के लिए अतिरिक्त इंतजाम किया गया था। झुलसने वाले घायलों में अधिकतर बच्चे और युवा शामिल थे। सभी लोगों को सात नंबर इमरजेंसी में प्राथमिक चिकित्सा दी गई। दिवाली पर किसी भी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर अतिरिक्त एंबुलेंस को भी तैयार रखा गया था। इसके अलावा इमरजेंसी स्टाफ की छुट्टियां रद्द की गईं थीं। इसी तरह सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग जम्मू की ओर से इंतजाम किए गए थे। सीमावर्ती इलाकों में पाक गोलाबारी की आशंका से अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे। सीएमओ जम्मू डॉ. दानिश आयूब खान के अनुसार दिवाली पर कहीं से कोई बड़ी घटना की सूचना नहीं आई है।