काजीगुंड । अनंतनाग जिले के काजीगुंड के शामपोरा इलाके में मंगलवार रात बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक ट्रक में आग लग गई। हादसे में अज्ञात ट्रक चालक की जलने से मौत हो गई। फिलहाल चालक की अभी पहचान नहीं हुई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि काजीगुंड के शामपोरा इलाके में पहुंचने पर एक ट्रक (पीबी29 एक्स/4153) बिजली के ट्रांसफार्मर के पास एक हाई-वोल्टेज तार के संपर्क में आ गया। ट्रक में आग लगने से पहले चालक को करंट लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल व आपातकालीन सेवा के जवान मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। हालांकि वाहन आग की चपेट में आकर पूरी तरह खाक हो गया जबकि चालक जिंदा जल गया। ट्रक चालक के शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए आपातकालीन अस्पताल काजीगुंड भेज दिया है।