जम्मू। शहर के गंग्याल क्षेत्र में कार नहर में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा कुंजवानी-बिश्नाह मार्ग पर बंधुरख इलाके में हुआ। मृतक की पहचान गंग्याल के मॉडल टाउन निवासी रशपाल सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से पूर्व प्रोफेसर था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार अलसुबह पांच बजे गंग्याल निवासी सेवानिवृत्त प्रोफेसर किसी काम से कार में बिश्नाह जा रहा था। कुंजवानी-बिश्नाह मार्ग पर जैसे ही वह बंधुरख के पास पहुंचा तो कार अनियंत्रित हो कर नहर में गिर गई। अलसुबह का समय होने की वजह से मार्ग पर स्थानीय लोगों की आवाजाही कम थी, जिस कारण हादसे के बारे में काफी समय बाद जानकारी मिली। जब तक उक्त व्यक्ति को कार से बाहर निकाला जाता, तब तक मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया है। वहीं, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।