घायल पिता का जीएमसी जम्मू में चल रहा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
घगवाल। कस्बे के मुख्य चौक हाईवे पर रविवार दोपहर को सांबा की ओर से आ रहे एक ट्रक (पीबी08सीपी-7693) ने एक स्कूटी (जेके21बी-2420) को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि युवक के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जीएमसी जम्मू में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में स्कूटी चालक शुभम सिंह (26) पुत्र त्रिलोक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके पिता त्रिलोक सिंह (62) पुत्र कर्ण सिंह निवासी गुराह जट्टान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को एक्सीडेंटल अस्पताल घगवाल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार देकर घायल को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
बताया कि त्रिलोक सिंह का परिवार मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है। त्रिलोक सिंह एमईएस से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने घगवाल में ही मकान बना लिया है और यहीं रहते हैं। रविवार को वह अपने बेटे के साथ घर से मुख्य चौक की ओर आ रहे थे कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कार्रवाई जारी है। त्रिलोक सिंह परिवार की देखभाल में हैं। वहीं, मृतक बेटे का रविवार को अंतिम संस्कार नहीं हो सका।