सभी घायल राजोरी के निवासी, जिला अस्पताल सांबा में चल रहा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे के मानसर मोड़ में शनिवार को हाईवे के बीच वैन पलटने से एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7 बजे एक ईको वैन (जेके11डी-4641) अमृतसर से पुंछ की ओर जा रही थी। जब वाहन सांबा के मानसर मोड़ क्षेत्र के पास पहुंचा तो अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क के बीच पलट गया। इस वैन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। दुर्घटना में उन सभी को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकाला। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया।
घायल मोहम्मद शफीक ने बताया कि वह अपनी मां जानिब बीबी के इलाज के लिए अमृतसर गए थे। जब वह अमृतसर से वापस पुंछ की ओर जा रहे थे, तब उनके साथ हादसा हुआ। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों की पहचान मोहम्मद इशाक (42) पुत्र मुंशी खान, मोहम्मद शफीक (32) पुत्र मोहम्मद आजम, मोहम्मद रज्जाक (46) पुत्र मुंशी खान, जानिब बीबी (80) पत्नी लेफ्टिनेंट मुंशी खान, आशा बेगम (40) पत्नी मोहम्मद रज्जाक और खुर्शीद बेगम (38) पत्नी मोहम्मद अफीज के रूप में हुई है। ये सभी लोग राजोरी के रहने वाले हैं।