भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत
- फोटो : डेमो फोटो
जम्मू-पुंछ हाईवे पर राजोरी के नारियां इलाके में कार के 60 फुट नीचे मनावर तवी नदी में गिरने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में डीसी राजोरी के पीए, उनकी पत्नी, तीन बच्चे, भाई और बहन शामिल हैं। सभी की डूबने से मौत बताई जा रही है। सभी पंजाब से धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे।
डीसी डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी के अनुसार उनका पीए महमूद अहमद निवासी गाई मंजाकोट अपनी पत्नी, दो बेटों, एक बेटी, भाई और बहन के साथ पंजाब स्थित किसी धार्मिक स्थल पर यात्रा पर गए हुए थे। पूरा परिवार कार (जेके-11बी-4300) में सवार होकर सोमवार को जब लौट रहा था तो जम्मू-पुंछ हाईवे पर स्थित राजोरी के नारियां इलाके में कार सड़क से फिसल कर करीब 60 फुट नीचे मनावर तवी नदी में जा गिरी।
हादसे में कार सवार सभी की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही डीसी राजोरी, एसएसपी, एएसपी, सीएमओ सहित जिला अस्पताल के डॉक्टर घटनास्थल पर पहुंचे। पांच एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से कार को किनारे खींचकर उसमें सवार लोगों को निकाला गया।
मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने पीए महमूद अहमद, उनकी पत्नी जमीला बेगम, बेटे रेहान अहमद, भाई अब्दुल अजीज और बहन अतर बेगम को मृत करार दे दिया। वहीं, उनके बेटे हसनैन अहमद और बेटी आलिशा को गंभीर हालत में नारियां स्थित सेना के स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। सेना के डॉक्टरों द्वारा दोनों का उपचार शुरू किया गया, लेकिन दोनों बच्चों ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी लोगों के शव उनके पैतृक गांव गाई भेज दिए गए।