नगर निगम के आयुक्त ने किया तवी आरती घाट का दौरा,... जेएमसी
नगर निगम आयुक्त ने किया मौके का दौरा, डीपीआर तैयार के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू तवी आरती घाट को पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके लिए अधिकारी डीपीआर तैयार करेंगे। यह निर्देश आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने शनिवार को सूर्य पुत्री तवी आरती घाट का दौरा कर दिए। यहां सुबह और शाम आरती होगी।
आयुक्त ने अधिकारियों को पर्यावरणीय स्थिरता बनाए रखते हुए विकास कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेएमसी जम्मू में सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण और संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल शहरी बुनियादी ढांचे को बढ़ाने और पर्यावरण-अनुकूल विकास को बढ़ावा देने के अपने व्यापक प्रयासों के अनुरूप है। इस मौके पर तवी बचाओ आंदोलन के अध्यक्ष चंद्र मोहन शर्मा, संयुक्त आयुक्त (राजस्व एवं प्रवर्तन) राकेश गुप्ता और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनोद शर्मा मौजूद रहे।