राजोरी। राजोरी जिले में शनिवार को करंट लगने से एक युवक की जान चली गई जबकि एक अन्य जगह पर एक महिला का शव फंदे से लटकता मिला।
पहली घटना जिले के मंजाकोट पुलिस थाना क्षेत्र के कटारमल इलाके की है। यहां बिजली के खंभे पर मरम्मत के लिए चढ़े 25 वर्षीय मोहम्मद लियाकत को करंट लगने से मौत हो गई।
कटारमल इलाके में घंटों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। मृतक के पिता मोहम्मद सदीक के अनुसार बिजली विभाग को कई बार सूचित करने के बाद भी जब कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो लियाकत खुद ही घर के पास लगे खंभे पर चढ़ गया। इसी दौरान अचानक बिजली आने से उसे करंट लगा और वह नीचे गिर गया। उसे तुरंत जीएमसी राजोरी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बिजली विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि उन्हें बिजली आपूर्ति बाधित होने की कोई सूचना नहीं मिली थी और युवक ने खुद ही खंभे पर चढ़ने का प्रयास किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
दूसरी घटना कोटरंका पुलिस थाना क्षेत्र के अपर कंडी इलाके की है। यहां 40 वर्षीय तकसीम बेगम पत्नी मोहम्मद युसूफ का शव उनके घर में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के कारणों की जांच के लिए पुलिस ने मामला दर्ज किया है।