राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए पल्ली पंचायत में 37 एकड़ भूमि पर आधुनिक पंडाल तैयार किया गया है। ढाई लाख लोगों की क्षमता वाले इस पंडाल को वातानुकूलित बनाया जा रहा है। एक गज की दूरी के साथ पंडाल में एक लाख लोग बैठ सकेंगे। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री इसी पंडाल से देश भर के पंचायती नुमाइंदों और आम जनता को संबोधित करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की जम्मू-कश्मीर में सभा के दौरान पहली बार वातानुकूलित पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें पंचायतीराज संस्थाओं के 30 हजार प्रतिनिधियाें के अलावा लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। गर्मी के मौसम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पंडाल को वातानुकूलित बनाया जा रहा है।
इन व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार जुटा हुआ है। सभा स्थल की तैयारियों से लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। पल्ली पंचायत के सरपंच रणधीर शर्मा ने बताया कि पंडाल को एकड़ भूमि क्षेत्र में तैयार किया गया है। इस ऐतिहासिक को लेकर पंचायत वासी बेहद उत्साहित हैं।
पंडाल के लिए काटी फसल, मिलेगा मुआवजा
पल्ली पंचायत में पीएम की रैली के लिए बड़े पंडाल की जरूरत थी। ऐसे में 37 एकड़ के दायरे में खेत भी आए, जिनसे फसल कटवाई गई है। इस फसल का किसानों को मुआवजा भी दिया जाएगा।
पल्ली गांव में आज से एसपीजी संभालेगी मोर्चा
बाड़ी ब्राह्मणा। पल्ली में पीएम रैली के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी कर दी है। वीरवार को पूरा सभा स्थल एसपीजी के हवाले कर दिया जाएगा।
अलर्ट के बीच आईबी के पास पकड़े पांच संदिग्ध
सांबा जिले के पल्ली गांव में पीएम मोदी के 24 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर हीरानगर सेक्टर से पांच संदिग्ध पकड़े हैं। पूछताछ के बाद इनमें से दो लोगों को जम्मू भेज दिया है। पुलिस ने बुधवार तड़के सीमा से सटे गांवों में दबिश देकर बैग व दस्तावेजों के साथ संदिग्धों को पकड़ा। एसएसपी कठुआ रमेश चंद्र कोतवाल ने बताया कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ की गई है। इनमें एक उधमपुर व एक कठुआ निवासी को जांच के लिए जम्मू भेजा गया है। लोगों को इनपुट के आधार पर जांच के लिए बुलाया जाता है, यह प्रक्रिया उसी का हिस्सा है।