अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट की जम्मू खंडपीठ के बार रूम में अब महाराजा हरि सिंह की चार फुट की तस्वीर लगेगी। इसका मकसद उनके शासनकाल में न्यायिक व्यवस्था में उनके योगदान को याद किया जा सके। मौजूदा समय में एक छोटी तस्वीर ही लगी हुई है। अब नई तस्वीर के लिए विशेष फ्रेम तैयार किया जा रहा है।
हाई कोर्ट में नौ जून से 26 जून तक गर्मी की छुट्टियां हैं। छुट्टियां खत्म होने के बाद जब दोबारा काम शुरू होगा तब बार रूम नए रंगरूप में दिखेगा। बार एसोसिएशन ने पीडब्ल्यूडी के साथ मिलकर बार रूम का दशा सुधारी है। इसमें कई तरह के कार्य शामिल है।
जानकारी के अनुसार हाई कोर्ट के बार रूम नंबर-1 में करीब 100 सोफों की मरम्मत की गई है। अन्य जरूरी ढांचे को भी अपग्रेड किया गया है। लेडी बार रूम में भी बैठने की व्यवस्था का नया इंतजाम किया गया है। हाई कोर्ट की कैंटीन में रंगरोगन नए सिरे से किया गया है। कुछ दिन में जिला अदालत की कैंटीन को भी ठीक किया जाएगा।
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल कोतवाल का कहना है कि बार ने अपने बजट और पीडब्ल्यूडी के साथ मिलकर बार रूम की हालत को ठीक किया है। कुछ और प्रोजेक्ट भी हमने उच्च स्तर पर सरकार के संज्ञान में लाए हैं। इनके ऊपर भी कोर्ट खुलने के बाद काम शुरू होगा।