कठुआ/बनी/बिलावर/बसोहली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को जिला के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तो मैदानों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार से ही आसमान में बादल छाए रहे। रविवार को दोपहर बाद बनी, सरथल, छत्रगलां, कमलेऊगलां और लोहाई मल्हार में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम ने अचानक करवट लेते हुए ठंड बढ़ा दी है। कड़ाके की सर्दी ने पूरे जिले को अपनी आगोश में ले लिया है।
बनी और मल्हार की उच्च पर्वतीय चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बसोहली में रविवार को बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम की करवट को देखकर माना जा रहा है कि रात को भी बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। कठुआ के मैदानी इलाकों में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तो वहीं रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उपजिला के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने से सर्दी में इजाफा हुआ है। पहाड़ों पर सफेद चादर सी बिछ गई, जिससे पहाड़ों के नजारे बड़े मनमोहक हो गए हैं। मैदानी इलाकों में दोपहर बाद धीमी गति से बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से उपजिला के किसानों के चेहरे खिले-खिले नजर आ रहे हैं। किसानों का मानना है कि बारिश होने से उपजिला में लगाई गई फसलों को लाभ होने वाला है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से बिलावर उप जिला से कई इलाकों का सड़क संपर्क टूट गया है और ठंड बढ़ जाने से लोग आग का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।