बसोहली। सोमवार को अटल सेतु पर घूमते मवेशियों के झुंड आपस में भिड़ गए। इस बीच वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार बाल-बाल बचे।
तहसील को पंजाब और हिमाचल से जोड़ने वाले अटल सेतु पर लावारिस मवेशी घूमते रहते हैं। इससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मवेशी अटल सेतु पर झुंड में घूमते रहते हैं। इन पर नकेल कसने के लिए प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। इससे लोगों में भारी रोष है।
पूरे बसोहली कसबे में इस समय लावारिस पशुओं की भरमार हो गई है। बाजार सहित संकरी गलियों में सांड़ व अन्य लावारिस पशुओं का झुंड घूमता रहता है। कई बार ये मवेशी लोगों पर हमला भी कर चुके हैं। अक्सर पुल पर मवेशी आपस में भिड़ जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बन जाती है। कई बार लोग इनके हमले से घायल भी हो चुके हैं। स्कूल आने-जाने के समय छोटे स्कूली बच्चे इन पशुओं के आपसी झगड़े को देख कर काफी भयभीत हो जाते हैं।
सुबह होते ही ये मवेशी बाजार और पुल में नजर आने लगते हैं। इससे छोटे बच्चों व महिलाओं का गलियों से गुजरना मुश्किल हो जाता है। कई बार ये लावारिश पशु लोगों पर हमला भी कर चुके हैं। अटल सेतु देखने आने वाले पर्यटकों के लिए भी ये लावारिस मवेशी मुसीबत हैं। इस बारे मे म्यूनिसिपल कमेटी के ईओ प्रीतम चंद का कहना है कि इस संबंध में योजना बनाई जा रही है। जल्द ही समस्या हल हो जाएगी।