दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच बुधवार को शुरू हुई भीषण मुठभेड़ खत्म हो गई है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर 8 आतंकी फरार होने में कामयाब हो गए हैं, जबकि इस मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलवामा जिले के अवंतिपोरा में बुधवार को हुई भीषण मुठभेड़ में देर रात ऑपरेशन को उस समय कॉल ऑफ करना पड़ा, जब आतंकियों की ओर से फायरिंग का कोई जवाब नहीं मिल पाया।
जब तलाशी अभियान छेड़ा गया तो पता चला कि करीब 8 आतंकी मुठभेड़ स्थल से अंधेरे का फायदा उठकर भागने में कामयाब हुए हैं, जिनमें लश्कर का नया चीफ अबू दुजाना भी था। सूत्रों के अनुसार अबू मीटिंग में लश्कर की रणनीति का गठन करने के लिए वहां पहुंचा था।
वांदखपुरा में करीब एक दर्जन आतंकी इलाके में एक मीटिंग करने जुटे थे
आतंकवादी
उन्होंने बताया कि आतंकियों के वहां से फरार होने के बाद अवंतिपोरा, वांदखपुरा, गोरीपुरा के अलावा पुलवामा जिले के करीब एक दर्जन से अधिक इलाकों में आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है, ताकि जल्द से जल्द आतंकियों को या तो मार गिराया जा सके या पकड़ा जा सके। इसके अलावा दक्षिणी कश्मीर के अन्य जिलों में भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
गौरतलब है कि सुरक्षा बलों को बुधवार दोपहर सूचना मिली थी कि जिले के वांदखपुरा में करीब एक दर्जन आतंकी इलाके में एक मीटिंग करने जुटे हुए हैं। जिसके बाद जम्मू कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के साथ मिलकर एक साझा अभियान चलाया और इलाके की घेराबंदी करना शुरू की।
इस दौरान आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग की और इलाके से फरार हो गए। इसके बाद कुछ ही दूरी पर अवंतिपोरा की पौधशाला के करीब आतंकियों और जवानों के बीच फायर कांटेक्ट हुआ और एक भीषण मुठभेड़ शुरू हुई।
मुठभेड़ में 2 आतंकियों को ढेर करने में सफलता
उधमपुर हमले का मास्टर माइंड था ओकासा
- फोटो : File
वहीं इस मुठभेड़ के दौरान स्थानीय लोग ने घरों से बाहर निकल कर प्रदर्शन और पत्थरबाजी की ताकि आतंकियों को फरार होने में कामयाबी मिल सके, लेकिन इसके बावजूद भी सुरक्षा बलों द्वारा मुठभेड़ में 2 आतंकियों को ढेर करने में सफलता प्राप्त की।
दोनों आतंकी संगठन लश्कर-ए-तय्यबा से संबंधित थे। इनमें से एक की पहचान अबु ओकासा के तौर पर हुई, जिसकी तलाश एनआईए को उधमपुर हमले में थी। अबु ओसाका मोस्ट वांटेड आतंकी था, जिस पर कई लाख का इनाम था।
वहीं मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के खिबर इलाके में भी वीरवार सुबह एक बार फिर से आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान छेड़ा गया। उल्लेखनीय है कि बुधवार को इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद आतंकी घटना स्थल से फरार होने में कामयाब हुए थे जिसके बाद से आतंकियों को तलाशने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान छेड़ा गया।
आतंकियों की संख्या 2 के करीब बताई गई थी और फरार होने से पहले आतंकी मुठभेड़ स्थल पर 1 एके-47 छोड़ गए जिसे पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया।