गांदरबल जिले में विकास कार्यों के लिए 74.32 करोड़ रुपये का वार्षिक प्लान मंजूर हो गया। सोमवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री अली मोहम्मद सागर की अध्यक्षता में जिला विकास बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, एमएलसी और सांसद तारिक हमीद करा सहित अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आरएंडबी सेक्टर के अंतर्गत 12.81 करोड़ रुपये का फंड अतिरिक्त पांच लाख रुपये के लोन के साथ वित्त वर्ष 2013-14 में पूर्ण रूप से खर्च किया गया। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन गांदरबल में 200 बिस्तर के अस्पताल, पीईटी कालेज, गुजहामा में पुल आदि का निर्माण कार्य कर रही है। इन प्रोजेक्टों पर जल्द काम पूरा होगा।
पीएचई सेक्टर के तहत 4.20 करोड़, सिंचाई क्षेत्र में 7.24 करोड़, 25.88 लाख रुपये ट्रांसफार्मरों की मरम्मत पर खर्च किए गए हैं। पिछले वित्त वर्ष के दौरान जिले में 468 ट्रांसफार्मर जले थे। मनरेगा के तहत 2157 कार्य पूरे किए गए और 14.29 लाख दिनों का रोजगार लोगों का मिला। स्वास्थ्य सेवाओं पर जिले में 37.35 करोड़ रुपये और शहरी विकास कार्यों पर 23.25 लाख रुपये खर्च किए गए।
सेल्फ इंप्लायमेंट सेक्टर में 1.76 करोड़ रुपये खर्च हुए। कुल मिलाकर वित्त वर्ष 2013-14 के दौरान जिले के विकास के लिए तय राशि का पूर्ण रूप से इस्तेमाल किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अली मोहम्मद सागर ने अफसरों से कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
उन्होंने आरडीडी, पीएचई, आरएंडबी, हेल्थ और हाउसिंग आदि क्षेत्रों में विकास संबंधी प्रगति पर संतोष जाहिर किया। बैठक में वन मंत्री मियां अल्ताफ, एमएलसी गुलाम रसूल, डीसी गांदरबल सरमद हफीज आदि मौजूद थे।