उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की दस इमारतों का निर्माण मंजूरी के11 वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। इनके निर्माण कार्य की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई थी, लेकिन आज तक विभाग इसेे पूरा नहीं कर पाया है। जबकि अपनी इमारतें न होने के कारण स्वास्थ्य विभाग की परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
जिले की करीब छह लाख की आबादी के उपचार की जिम्मेदारी संभालने वाला स्वास्थ्य
विभाग अपनी इमारत की सुविधा न होने के कारण परेशानियों से जूझ रहा है। जिले में काफी संख्या में स्वास्थ्य केंद्र किराए की इमारत में चल रहे हैं, जहां हर रोज मरीज व स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ समस्याओं का सामना कर रहा है। कुछ पीएचसी, सब सेंटर व एलोपैथिक डिस्पेंसरी तो क्षतिग्रस्त इमारतों में चल रही हैं और हादसों को न्योता दे रही हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2007-08 में स्वास्थ्य विभाग ने 44 इमारतों के निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को सौंपी थी। इसके लिए फंड भी उपलब्ध कराए। पीडब्ल्यूडी को इन इमारतों का निर्माण कार्य 2011 में पूरा करके देना था, लेकिन एक भी इमारत का निर्माण समय पर पूरा नहीं किया गया। 11 वर्ष के दौरान पीडब्ल्यूडी ने 34 इमारतों का निर्माण पूरा कर लिया है, लेकिन दस इमारतों का निर्माण आज तक चल रहा है और स्वास्थ्य विभाग इनके पूरा होने का इंतजार कर रहा है।
सीएमओ डॉ. केसी डोगरा ने बताया कि बीच में काम बंद होने पर प्रोजेक्ट की कीमत बढ़ गई और फिर कई काम अधर में लटक गए। इनको पूरा कराने के लिए हर संभव प्रयास चल रहे हैं।