आर्मी डे पर भारतीय सेना ने देश को बड़ा तोहफा दिया है। पाकिस्तान की ओर से एलओसी के कोटली सेक्टर में सीजफायर का उल्लघंन किया गया। इस पर भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए 7 पाकिस्तानी सेना के जवानों को ढेर कर दिया और चार पाकिस्तानी सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं। भारतीय सेना की ओर से अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाक द्वारा किए गए
सीजफायर उल्लंघन का जवाब देते हुए सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के जांदरोट और कोटली इलाके में तबाही मचाई। दावा किया जा रहा है कि इस कार्रवाई में
पाकिस्तान के 7 सैनिक मारे गए हैं, जबकि 4 सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं इसमें पाक चौकियों को भी भारी नुकसान भी हुआ है।
बता दें कि भारतीय सेना के 70वें आर्मी डे पर जनरल बिपिन रावत ने दुश्मनों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने इशारों में पाकिस्तान को चेताया और कहा कि अगर हमें मजबूर किया गया तो मजबूत कार्रवाई करने में हम पीछे नहीं हटेंगे। रावत ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर उल्लंघन किया जा रहा है और ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रावत ने कहा कि घुसपैठियों को भारत में घुसने के लिए पाकिस्तान की ओर से मदद मिलती है, इसलिए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना हर चुनौती से निपटने को तैयार है और जरूरत पढ़ी तो हर संभव कदम उठाया जाएगा।
रावत ने कहा कि आधुनिकता पर जोर दिया जा रहा है, इसलिए कई चरणों में सेना को आधुनिक करने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं। लड़ाई की क्षमता में बढ़ावा से लेकर हवाई निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।