जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कोरोना वैक्सीन का दायरा बढ़ाया गया है। सोमवार को विभिन्न वर्गों में 65253 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसमें जम्मू संभाग से 36744 और कश्मीर संभाग से 28509 लोगों को कोविड वैक्सीन दी गई।
अब तक प्रदेश में 1348524 लोगों को कोविड वैक्सीन दी जा चुकी है, जिसमें जम्मू संभाग में 696893 और कश्मीर संभाग में 651631 लोगों को वैक्सीन दी गई। परिवार कल्याण विभाग जम्मू कश्मीर के निदेशक डॉ. सलीम उर रहमान के अनुसार प्रदेश में अभी वैक्सीन की कमी नहीं है। राजोरी में भी वैक्सीन उपलब्ध है। मौजूदा हमारे पास 1.50 लाख डोज उपलब्ध हैं और नियमित तौर पर वैक्सीन आ रही है, जिसका साथ में वितरण हो रहा है। जम्मू में सोमवार को 98 हेल्थ केयर वर्कर्स, 958 फ्रंटलाइन वर्कर्स और 11861 सिटीजन (45 वर्ष से अधिक) को वैक्सीन दी गई। जिला जम्मू में अब तक सबसे अधिक लोगों को वैक्सीन दी गई है, जिसमें 29595 हेल्थ केयर वर्कर्स, 66126 फ्रंटलाइन वर्कर्स और 179570 सिटीजन शामिल हैं। इसी तरह बारामुला में 26 हेल्थ केयर वर्कर्स, 227 फ्रंट लाइन वर्कर्स और 5000 सिटीजन कोवैक्सीन दी गई है।