जम्मू। लद्दाख संभाग की इकलौती लोकसभा सीट पर 2014 के प्रदर्शन को दोहराने के लिए भाजपा चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर चुकी है।
पार्टी सूत्रों की माने तो छह मई को लद्दाख लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है। ऐसे में चार मई तक चुनाव प्रचार होगा। 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने रियासत के इतिहास में पहली बार लद्दाख लोकसभा सीट को जीतने में कामयाबी हासिल की थी। उस समय भाजपा के प्रत्याशी थुप्स्टान छिवांग थे जोकि चुनकर संसद पहुंचे लेकिन 2018 में उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। ऐसे में भाजपा ने इस बार लेह स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद लेह के मुख्य कार्यकारी काउंसलर जामेयांग शेरिंग नामगेयाल को पार्टी उम्मीदवार बनाया हुआ है।
जम्मू संभाग के बाद लद्दाख में ही भाजपा जनाधार के हिसाब से मजबूत हुई है। ऐसे में प्रदेश भाजपा नेताओं के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के यहां प्रचार अभियान में पहुंचने की उम्मीद है। भाजपा के प्रदेश लद्दाख प्रभारी विक्रम रंधावा तो पिछले करीब एक सप्ताह से लद्दाख में ही डेरा डालकर प्रचार का जिम्मा संभाले हुए है।