जम्मू। लोकसभा चुनाव में सीटों को लेकर नेकां और कांग्रेस में गठबंधन को लेकर कोई फार्मूले तैयार करने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। बुधवार को नेकां अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला, उपप्रधान उमर अब्दुल्ला और कांग्रेस के शीर्ष नेता दिल्ली में जुटे थे। दोनों दलों में गठबंधन के आसार बढ़ गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार जम्मू-कश्मीर की छह लोकसभा सीटों पर गठबंधन हो सकता है। हालांकि औपचारिक तौर पर दोनों दलों का कोई नेता इस पर नहीं बोल रहा है। नेकां ने जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र से बीआर कुंडल को उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीए मीर के अनुसार वीरवार को शाम चार बजे उनकी एआईसीसी की पदाधिकारी अंबिका सोनी के साथ बैठक होगी। गठबंधन पर फिलहाल कोई चर्चा नहीं हुई है।
इससे पूर्व के कई चुनावों में सीटों के गठबंधन पर दोनों दल कई बार हाथ मिला चुके हैं, जिसमें दोनों दलों को लाभ भी मिला है।
जम्मू संभाग की दो सीटों पर भाजपा के हावी होने के साथ कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है। दोनों सीटों पर कांग्रेस लड़ना चाहती है। इसके अलावा लद्दाख की सीट पर भी कांग्रेस इच्छुक है। दोनों ही दलों ने सभी सीटों पर अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अगले एक-दो दिन में स्थिति साफ हो जाएगी। नेकां का कश्मीर में अधिक दबदबा रहा है। इस बीच वीरवार को जम्मू में होने वाली नेकां की अहम बैठक को स्थगित किया गया है, जिसमें डा. फारूक अब्दुल्ला का आना प्रस्तावित था।