जैसे ही आतंकियों के साथ मुठभेड़ की सूचना स्थानीय लोगों को मिली तो भारी संख्या में लोग मुठभेड़ स्थल से कुछ दूर पहले जमा हो गए। वहां उन्होंने भारतीय सेना जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया।
उधर, हमारे जवान आतंकियों को ढेर करते रहे और इधर आम लोग सेना और पुलिस के जवानों का हौसला बढ़ाते रहे। यह सिलसिला दिनभर जारी रहा। जब भी सेना की तरफ से फायर किया जाता, तो लोग जोर-जोर से नारे लगाना शुरू कर देते, ताकि जवानों का जोश बना रहे।
सुंदरबनी नौशेरा के विधायक रविंद्र रैना को जैसे ही सुंदरबनी नगर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू होने की जानकारी मिली, वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी लोगों से कहा कि वह सेना का हौसला बढ़ाते रहें, ताकि जितनी जल्दी हो सके आतंकियों का काम तमाम हो सके। पूर्व एमएलसी रविंद्र शर्मा ने भी मुठभेड़ स्थल का दौरा कर सेना तथा पुलिस का हौसला बढ़ाया।