मां वैष्णो देवी दरबार में रविवार को भारी भीड़ उमड़ी। तीन दिनों का अवकाश होने के कारण नवरात्र से भी अधिक श्रद्धालु पिछले दो दिनों से कटड़ा पहुंच रहे हैं। रविवार को यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर शाम साढे़ तीन बजे ही यात्रा पर्ची काउंटर बंद करना पड़ा। रात आठ बजे तक 54 हजार भक्तों ने पंजीकरण करा लिया था। शनिवार को यह संख्या 50 हजार से अधिक थी।
रविवार को सुबह से ही पंजीकरण कक्ष में रजिस्ट्रेशन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगना शुरू हो गई थी। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर 3.30 बजे तक 35 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवा लिया था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रविवार को पंजीकरण कक्ष 3.30 बजे बंद कर दिया गया। शाम को 6.30 बजे फिर से पंजीकरण शुरू किया गया।
रात में आठ बजे तक 54 हजार भक्तों ने पंजीकरण करवा लिया था। बाणगंगा पर श्रद्धालुओं की लंबी लाइन देखने को मिली। इसके साथ ही पंजीकरण कक्ष के बाहर तक लाइन लगी हुई थी। बाणगंगा तथा ट्रैक पर माता के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में माता के भक्तों के पहुंचने से कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।