रामबन। रामबन में अलग-अलग जगहों पर एक ट्रक चिनाब दरिया में गिर गया जबकि दूसरा गहरी खाई में। चिनाब में गिरे ट्रक का ड्राइवर दरिया में बह गया। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था, जबकि दूसरे ट्रक का ड्राइवर घायल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर शनिवार की सुबह करोल क्षेत्र में जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा ट्रक जेके01पी-0417 जेसवाल पुल के नजदीक असंतुलित होकर चिनाब दरिया में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक का ड्राइवर चिनाब में डूब गया। उसका कोई सुराग नहीं मिला है। जबकि सह-चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस, सेना की 23 आरआर और एसडीआरएफ, सिविल क्यूआरटी के सदस्यों ने दरिया में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला। लापता चालक मोहम्मद शफी काजीगुंड का रहने वाला है। घायल सह चालक उमर अहमद अमीन भी काजीगुंड का ही है। सर्च आपरेशन के दौरान मौके पर एसएसपी अनीता शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. बशारत हुसैन, डीएसपी हेडक्वार्टर असगर अली मलिक, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कोतवाल, थाना प्रभारी चंद्रकोट इंस्पेक्टर आबिद हुसैन भी मौके पर मौजूद थे।
एक अन्य हादसे में ट्रक नंबर जेके03एफ-1882 चालक से अनियंत्रित होकर कुनफिर नाला में जा गिरा। इस हदसे में ट्रक चालक मोहम्मद यूसुफ निवासी अनंतनाग घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेना से गोताखोरों की मदद मांगी
दरिया चिनाब में पानी के तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने सेना से गोताखोरों की मदद लेने की बात कही है। सोमवार की सुबह फिर से चिनाब में सर्च आपरेशन चलाया जाएगा।