बिश्नाह। डिग्री कालेज से छात्र के निलंबन पर अन्य छात्र एकजुट हो गए। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ कालेज परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन एबीवीपी के बैनर तले किया गया। छात्रों ने प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि प्राचार्य कुलदीप कुमार कौशल ने दो छात्रों को निलंबित कर दिया है। जो न्याय संगत नहीं है। छात्रों का निलंबन तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। प्रदर्शन में शामिल निलंबित छात्र अक्षय कुमार ने बताया कि उसे उसके दोस्त अविनाश को 2 दिन के लिए निलंबित किया गया है। बुधवार को वह और उसका दोस्त कालेज से थोड़ी देर के लिए बाहर गए। जब लौटे तो उन्हें प्राचार्य ने दफ्तर में बुलाकर आरोप लगाया कि तुम रूम के अंदर लड़के लड़कियों को लॉक करते हो व दादागिरी करने के आरोप के साथ थप्पड़ मारे व 2 दिन के लिए निलंबित कर दिया। छात्रों ने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए। प्राचार्य हमें धमका रहे हैं। अगर हमने किसी को लॉक किया है तो हमें बताया जाना चाहिए, जबकि ऐसी कुछ भी बात नहीं है। वहीं एबीवीपी कालेज प्रधान कुलदीप कुमार ने छात्रों का निलंबन वापस लेने के साथ हायर एजुकेशन विभाग से मामले की जांच के साथ प्राचार्य को बदले जाने की मांग रखी। इस मामले में प्राचार्य कुलदीप कुमार कौशल ने कहा कि यह छात्र क्लास रूम में छात्र-छात्राओं को लॉक कर देते थे। बुधवार को भी इन्होंने ऐसा किया, जिस पर उन्हें दो दिन के लिए कालेज कमेटी की तरफ से निलंबित किया गया है। इनके अभिभावकों को भी बुलवाया गया था, ताकि इस तरह की हरकत अगर दोबारा करते हैं तो इन पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।